हरिद्वार(ब्यूरों)। कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार को बहादराबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे दो कांवड़ियों के ऊपर भारी लोहे का गाटर गिर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोदीपुरम (गाजियाबाद) निवासी कृष्णा (22) और तनुज कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोनों शिवभक्त यात्रा के दौरान कुछ देर विश्राम करने के लिए फ्लाईओवर के नीचे रुके थे। इसी दौरान वहां रखा भारी लोहे का गाटर अचानक खिसककर उनके ऊपर आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य कांवड़ियों ने राहत कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले कांवड़ मार्ग पर निर्माणाधीन स्थलों और भारी निर्माण सामग्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर चर्चा तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की मौत हुई थी। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू किए जाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
