लक्सर(अनिल शीर्षवाल)। हरिद्वार पुलिस ने रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में संचालित किए जा रहे एक कथित अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 27 यूनिट रक्त, ब्लड कलेक्शन से जुड़े उपकरण, डोनर चेयर, प्रमाणपत्र और दो वाहन बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव-देहात क्षेत्रों में बिना वैध अनुमति और लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्रित कर रहे हैं। आरोप है कि एकत्रित रक्त को अधिकृत ब्लड बैंक में जमा करने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी एवं चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार स्विफ्ट कार संख्या यूके-08 बीएल-3257 की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग और रक्त संग्रह एवं परीक्षण से संबंधित उपकरण बरामद हुए। वहीं स्कॉर्पियो एन संख्या यूपी-20 सीडी-8085 से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा अन्य सामग्री बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते थे और बिना आवश्यक अनुमति के रक्त संग्रह कर रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि एकत्रित रक्त को कहां और किन माध्यमों से भेजा जाता था तथा इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस मामले में कोतवाली लक्सर में मु.अ.सं. 829/2026 के तहत ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(सी), 27 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अनित सैनी निवासी लक्सर, शुभम कुमार निवासी खानपुर, दुष्यन्त कुमार निवासी बिजनौर, कावेन्द्र कुमार निवासी मुरादाबाद तथा दया सिंह निवासी सम्भल शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक पवित्र कार्य है। इसकी आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

