रुड़की(ब्यूरों)। एक भाई ने अलग-अलग स्थानों पर रह रही अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने दूसरी बहन के पति को भी गोली मारकर घायल कर दिया।
मंगलवार शाम आरोपी भाई पहले प्रीत विहार में रह रही संगीता उर्फ शकुंतला (50) के यहां पहुंचा। करीब 7:20 बजे वह घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड पर ई-रिक्शा से जा रही थी। इसी दौरान उसके भाई ने उस पर गोली चला दी।
गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर करीब 20 मिनट के अंतराल पर सुभाषनगर पहुंचा, जहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा (42) रहती थी। आरोपी के पहुंचने पर जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला, उसने उस पर भी गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर पुष्पा के पति संदीप बाहर आए तो आरोपी ने उन्हें भी कंधे में गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल संदीप का उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी घटनास्थलों का निरीक्षण किया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाई द्वारा दोनों बहनों को गोली मारकर हत्या कर दी गई है जबकि एक व्यक्ति घायल है। वारदात के कारणों की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

