रुड़की(अनिल शीर्षवाल)। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में 25-26 अगस्त की रात हुए दोहरे हत्याकांड का रुड़की पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक उर्फ विक्की को वारदात में प्रयुक्त तमंचे और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गणेशपुर निवासी अर्जुन सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके सगे मामा विवेक उर्फ विक्की ने अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी, जबकि आरोपी का जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर गंगनहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस और सीआईयू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल निवासी चुड़ियाला, भगवानपुर को चूड़ामणि मंदिर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वारदात के पीछे संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक मुख्य कारण रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर रही है।
इस कार्रवाई में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव सहित गंगनहर कोतवाली और सीआईयू की संयुक्त टीम शामिल रही।
