हरिद्वार(नीति शर्मा)। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुरक्षित, विकसित और समृद्ध राज्य के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सुनील सैनी ने रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा कथित रूप से देवभूमि उत्तराखंड का माहौल खराब करने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धमकी देने संबंधी बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांति और सौहार्द के खिलाफ किसी भी प्रकार की साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा तथा ऐसे प्रयासों को मजबूती से समाप्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने की रक्षा के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का वह पूर्ण समर्थन करते हैं। कानून व्यवस्था को चुनौती देने अथवा भड़काऊ बयानबाजी के माध्यम से माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जनसांख्यिकीय बदलाव (डेमोग्राफी चेंज) जैसे मुद्दों पर अब चुप नहीं रहा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में अब तक लगभग 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, देवभूमि के मूल स्वरूप और सामाजिक संतुलन को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक और कठोर फैसले लिए हैं। इनमें कड़ा भू-कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) तथा सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


