हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। बैरागी कैंप क्षेत्र में कथित तौर पर एक भाजपा नेता की गाड़ी की चपेट में आने से तीन गायों की मौत के मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। शनिवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी शिशुपाल नेगी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि तीन गोवंश की मौत का मामला संवेदनशील है और पुलिस को इसकी त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जिम्मेदार व्यक्ति को हर हाल में न्याय के दायरे में लाया जाना चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। किसी भी राजनीतिक प्रभाव या दबाव के चलते कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। वहीं कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, वरिष्ठ नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष नंद लाल यादव, विवेक त्यागी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
