श्यामपुर(अनिल शीर्षवाल)। माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी किए गए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को श्यामपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रक भी बरामद किया है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से एक 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 31 अगस्त को दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने ट्रक चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने वाहन को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल के बीच गुर्जर बस्ती की ओर झाड़ियों में छिपा रखा है।
उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची और उनकी निशानदेही पर जंगली झाड़ियों के पास से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद किया। आरोपियों ने वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी।
पुलिस ने ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जो चोरी हुए वाहन से मेल खा गया। बरामदगी की पूरी कार्रवाई बीएनएसएस की धारा 105 के तहत ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी कर संपन्न की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद परवेज पुत्र अमीनुद्दीन निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, थाना नजीबाबाद और हबीब खां पुत्र प्यारे खां निवासी मोहल्ला किला, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है।



