हरिद्वार(श्रवण गिरी)। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में भव्य ‘कलश वंदन कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल उपस्थित रहे। वहीं उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान और डॉ. सुरेंद्र सिंह मोगा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने संत गुरु रविदास महाराज के चित्र एवं कलश पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में भी उनके विचार सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना तथा संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामाजिक भेदभाव समाप्त करने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा समाज में समानता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री रविंद्र वाल्मीकि, विनोद लख्खा, प्रदेश कार्यालय प्रभारी दयाराम, प्रदेश कोषाध्यक्ष जॉनी केसरिया, प्रदेश मंत्री संजीव कुमार, प्रदेश प्रवक्ता देवेंद्र प्रधान, जिला महामंत्री प्रिंस सत्यवीर, जिला उपाध्यक्ष राजबीर कलानिया एवं लव शर्मा, जिला मंत्री रिशु चौहान सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष तेलूराम प्रधान सहित संगठन के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। पूर्व राज्य मंत्री सुबोध राकेश, भूप सिंह, मनोज गौतम, प्रताप प्रधान, अश्वनी कांबोज, रीता सैनी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और सद्भाव को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


