हरिद्वार/रुड़की(विकास सैनी)। जनपद हरिद्वार के लंढौरा क्षेत्र में चाइनीज मांझे ने एक युवक की जान ले ली। शिकारपुर गांव निवासी दीपक कुमार की सोमवार देर शाम सड़क पर लटके चाइनीज मांझे की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार दीपक कुमार सोमवार शाम रुड़की से बाइक पर सवार होकर अपने गांव शिकारपुर लौट रहे थे। जब वह नगला इमरती गांव के पास पहुंचे तो सड़क पर लटक रहा चाइनीज मांझा अचानक उनके गले में फंस गया। मांझे की धार से उनका गला गंभीर रूप से कट गया और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही दीपक के भाई मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए रुड़की स्थित विनय विशाल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दीपक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन पार्थिव शरीर को शिकारपुर स्थित घर ले आए। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने चाइनीज मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से अवैध बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जनहित में अपील
चाइनीज मांझा न केवल पक्षियों बल्कि आम लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। अभिभावक अपने बच्चों को चाइनीज मांझे के खतरों के बारे में जागरूक करें और पतंग उड़ाने के लिए केवल सूती धागे का ही प्रयोग करें। यदि कहीं चाइनीज मांझे की बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। एक छोटी सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है।


