बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। क्षेत्र के एक हनुमान मंदिर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर दानपात्र में जमा लाखों रुपये की नकदी और भगवान के श्रृंगार में प्रयुक्त चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर के मुख्य पुजारी अमरनाथ शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अज्ञात चोर मंदिर में रखे दानपात्र से करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी ले गए। इसके अलावा भगवान हनुमान के श्रृंगार में उपयोग होने वाला लगभग डेढ़ किलोग्राम चांदी का हार तथा पैरों के कड़े भी चोरी कर लिए गए। सुबह मंदिर खुलने पर चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन उसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। लगातार दूसरी बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
सूचना मिलने पर बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मंदिर परिसर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने चोरी गई संपत्ति की बरामदगी तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


