हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों एवं आसपास के इलाकों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन संचालन पर प्रभावी रोक लगाना था। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया।
अभियान के दौरान स्कूल प्रशासन से भी संवाद किया गया। प्रधानाचार्यों ने बताया कि अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी कर नाबालिग बच्चों को स्कूटी या मोटरसाइकिल से विद्यालय न भेजने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहनों से स्कूल पहुंच रहे थे और वाहनों को आसपास की गलियों में खड़ा कर रहे थे।
परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन के सहयोग से ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 स्कूटी एवं मोटरसाइकिल सीज कीं। साथ ही संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को कार्रवाई की जानकारी देकर बच्चों के लिए सुरक्षित एवं वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी गई।
इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी तथा भारत भूषण भी मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि निर्धारित आयु और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। विभाग ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन उनकी स्वयं की तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
जनहित संदेश – उत्तराखंड परिकल्पना
“उत्तराखंड परिकल्पना सभी अभिभावकों से विनम्र निवेदन करता है कि अपने नाबालिग बच्चों को स्कूटी, मोटरसाइकिल या अन्य वाहन चलाने के लिए न दें। आपकी छोटी-सी सावधानी किसी बड़े हादसे को रोक सकती है। सड़क सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है।”

