बहादराबाद(विकास सैनी)। ग्रामीण क्षेत्र में तेज हवाओं और बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। कहीं तेज हवाओं के कारण पेड़ बिजली के खंभों पर गिर गए, तो कहीं किसानों की धान की तैयार होती फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम के बदले मिजाज ने ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभों और तार टूट गए है। ऐसे में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित होगी।
वहीं, बारिश और तेज हवाओं का सबसे अधिक असर किसानों की धान की फसल पर देखने को मिल रहा है। खेतों में खड़ी धान की फसल के गिरने और बारिश के कारण फसल की गुणवत्ता प्रभावित होगी। जिन किसानों की फसल पककर तैयार होने वाली है, उनकी चिंता और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि फसल तैयार करने में बीज, खाद, दवाइयों और सिंचाई पर काफी खर्च होता है। ऐसे में मौसम की मार से नुकसान होने पर उनकी आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ेगा।

किसान विरेन्द्र, सतवीर, गुरमीत सिंह, दीपक सैनी आदि ने संबंधित अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि नुकसान अधिक होता है, तो उन्हें आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि उनकी मेहनत और लागत की भरपाई हो सके।
वहीं दूसरी और बिजली विभाग के द्वारा त्वरित बिजली सुचारू हेतु कार्य प्रारंभ किया गया ताकि जितनी जल्द हो सके बिजली व्यवस्था सुचारु हो जाए।





