जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए स्थलीय निरीक्षण और प्रभावितों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश
हरिद्वार(नीति शर्मा)। जनपद हरिद्वार में शुक्रवार सुबह मौसम में अचानक बदलाव आने से कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के कारण नुकसान होने की सूचना मिली है। तेज आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भवनों और सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कुछ स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है। किसानों की फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि आंधी-तूफान के कारण जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर पेड़ों को हटाकर यातायात और आवाजाही सुचारू कराई जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा एवं बचाव संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
फसलों के नुकसान का होगा सर्वेक्षण
जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को ओलावृष्टि और तेज आंधी से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का गंभीरता से आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की क्षति का सर्वेक्षण कर नियमानुसार रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फसलों को हुए नुकसान के आकलन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को असुविधा न हो तथा प्रभावित लोगों को समय पर राहत मिल सके।





