एक बाइक की तलाश में जुटी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, कब्रिस्तान के पास खंडहर में छिपाकर रखी थीं पांच अन्य मोटरसाइकिलें
हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। पथरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने चोरी की एक स्प्लेंडर बाइक की तलाश के दौरान आरोपित को पकड़ा। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दोगीवाला रोड स्थित कब्रिस्तान के पास एक खंडहर में छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। पुलिस अब बरामद बाइकों के मालिकों का पता लगाने के साथ ही अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में आरोपित की संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पुरुषोत्तमनगर निवासी आकाश पुत्र निर्देश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 अक्तूबर को शाहपुर रामलीला मैदान के पास से उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से चोर का सुराग जुटाने का प्रयास किया।
जांच के दौरान पुलिस ने 12 अक्तूबर को गैस गोदाम तिराहे के पास से अमन पुत्र रमेश को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोगीवाला रोड स्थित कब्रिस्तान के पास एक खंडहर में छिपाकर रखी गई पांच अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इस तरह पुलिस ने कुल छह मोटरसाइकिलें अपने कब्जे में ली हैं।
पथरी थाना अध्यक्ष रविंदर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अमन मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के खेड़गी गांव का निवासी है। वह वर्तमान में पथरी थाना क्षेत्र के धारीवाला गांव में रह रहा था। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई में फेरुपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन कठैत, एएसआई जसवंत सिंह तथा कांस्टेबल दीपक चौधरी, जयपाल चौहान, अनिल पंवार, मुकेश चौहान, सोहन राणा, रविंद्र बिष्ट, नरेश बहुगुणा और वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।




