हरिद्वार(नीति शर्मा)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद हरिद्वार में मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। 16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए मशीनें चिन्हित की गई हैं। इन मशीनों को राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षित रखा गया है। प्रशिक्षण के लिए चिन्हित मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई है।
मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) तैनात की गई हैं। ये वैन गांवों, मोहल्लों, वार्डों, मतदान केंद्रों एवं विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को ईवीएम और वीवीपैट से मतदान करने की प्रक्रिया समझाएंगी।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने तक यह अभियान व्यावहारिक रूप से जारी रहेगा। इसके बाद ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।
अभियान की नियमित निगरानी भी की जा रही है। इसके तहत जागरूकता केंद्रों एवं मोबाइल वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वाले लोगों और मॉकपोल में प्रतिभाग करने वाले नागरिकों की संख्या की साप्ताहिक अथवा पाक्षिक रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के नागरिकों एवं मतदाताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय सहभागिता निभाएं।


