ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस की कार्रवाई, शांति भंग की आशंका में बीएनएसएस के तहत किया चालान
पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम दरियापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने मकान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को ग्राम दरियापुर में मकान विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद दोनों पक्ष पुलिस के सामने भी झगड़ने पर उतारू रहे। स्थिति बिगड़ने और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/135/170 के तहत कार्रवाई की।
पुलिस ने प्रथम पक्ष के हारुन (28), शहबान (35) और समीर (21), जबकि दूसरे पक्ष के रोहित कुमार (28) और राजेश कुमार (42), सभी निवासी ग्राम दरियापुर, को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल संजय रावत और हेड कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।



