हरिद्वार(मनोज यादव)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2026 के तहत बहादराबाद पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 93 इंजेक्शन और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को गश्त और चेकिंग के दौरान भारापुर भौरी से सहदेवपुर जाने वाले मार्ग के तिराहे पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। इस दौरान उनके कब्जे से 48 शीशी Diazepam Injection IP Lori 2ml और 45 शीशी Restigesic Injection Buprenorphine Hydrochloride बरामद हुईं। इसके अलावा UK17N7811 नंबर की एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीम पुत्र मुनफैद, निवासी ग्राम लंढौरा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार तथा तन्मय ध्यानी पुत्र शशि मोहन ध्यानी, निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने और नशे के आदी होने के कारण शाह नामक व्यक्ति से इंजेक्शन खरीदने की बात कही। हालांकि, संबंधित व्यक्ति की भूमिका और इंजेक्शनों की आपूर्ति से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।



