बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा होगी मजबूत, अपराधियों की घुसपैठ रोकने में मिलेगी मदद
हरिद्वार(नीति शर्मा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत उत्तर प्रदेश सीमा से सटी चिड़ियापुर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
लोकार्पण के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसर का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में पुलिस चौकी के संचालन से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। साथ ही शातिर अपराधियों की घुसपैठ पर अंकुश लगाने, अपराध नियंत्रण और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
चौकी के नवनिर्मित भवन के शुभारंभ से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी सहित थाना श्यामपुर के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



