टिहरी(हरिशंकर सिंह सैनी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया। महोत्सव में लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला।
वर्ष 2016 से आयोजित हो रहा जौनपुर महोत्सव क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है, वहीं खेल प्रतियोगिताओं के जरिए क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराया जाता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। हमारी लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं और उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।महोत्सव के दौरान ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्यमंत्री ने ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि जौनपुर महोत्सव नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, पंपिंग योजनाओं, कृषि और उद्यान विकास के लिए स्वीकृत योजनाओं पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धनौल्टी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने भी क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागटिब्बा के लिए सात किलोमीटर मोटर मार्ग, थत्यूड़ बाईपास के तीन किलोमीटर मोटर मार्ग और नागराजाधार मोटर मार्ग सहित अन्य विकास कार्यों की स्वीकृति का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



