खानपुर (अमित शर्मा)। सहकारिता विभाग जनपद हरिद्वार एवं जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को खानपुर विकासखंड के मोहनावाला साधन सहकारी समिति मुख्यालय पर वृहद ऋण मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के 90 लाभार्थियों को दीनदयाल योजना के अंतर्गत शून्य ब्याज दर पर लगभग एक करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत कर चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह ने की। ऋण मेले में मोहनावाला एवं गिद्दावाली प्रारंभिक कृषि ऋण समितियों तथा जिला सहकारी बैंक की खानपुर शाखा से जुड़े लाभार्थियों को ऋण के चेक प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने उपस्थित किसानों एवं लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण विकास तथा किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से जिला पंचायत हरिद्वार खानपुर क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगी।
बैंक अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह ने किसानों से सहकारिता विभाग द्वारा बैंक एवं समितियों के माध्यम से संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान ऋण प्राप्त करने के साथ उसका समय पर भुगतान भी सुनिश्चित करें, ताकि सहकारी व्यवस्था का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके।

उन्होंने किसानों को उर्वरक एवं बीज वितरण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के अंत में सचिव एवं महाप्रबंधक सौ सिंह ने उपस्थित किसानों, लाभार्थियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान समिति अध्यक्ष सत्यवीर राठी, संचालकगण, गोवर्धनपुर सहकारी संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रीतम सिंह, जिला सहकारी बैंक के संचालक प्रतिनिधि मांगेराम, गन्ना समिति इकबालपुर के पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह, गन्ना विकास परिषद लक्सर के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, एडीओ खानपुर सोनू चोपड़ा, शाखा प्रबंधक देवनारायण चौधरी, अनुभाग अधिकारी दीपक कुमार, समिति सचिव प्रदीप कुमार सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



