हरिद्वार/मंगलौर(नीति शर्मा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जनपद हरिद्वार के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण, गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण, नालों की सफाई एवं पक्के नाले का निर्माण तथा विभिन्न गांवों में सड़क और तटबंध निर्माण के कार्य शामिल हैं। वहीं, ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने इसका परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। गन्ना मूल्य में वृद्धि को लेकर उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले के निर्माण तथा लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध निर्माण और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराने की घोषणा भी की।

गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है, जबकि 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है। फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है तथा बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुशासन स्थापित करने, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और मातृशक्ति का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन, ब्लॉक प्रमुख कविन्द्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



