बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। बहादराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अतमलपुर बौगला बाईपास के समीप एक खेत में अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर बहादराबाद थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
बहादराबाद प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
