रुड़की(नेहा शर्मा)। मंगलवार को मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की के प्रांगण में भारत विकास परिषद (अविरल गंगा) द्वारा आयोजित 10 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण (मार्शल आर्ट) शिविर का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। शिविर में अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षक विपिन चौधरी द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने अतिथियों का पुष्प भेंट कर स्वागत कर किया। समापन अवसर पर छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई विधाओं का शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत किया। इसमें सूर्य नमस्कार, योग, जुम्बा और मार्शल आर्ट के साथ-साथ मार्बल के पत्थर तोड़ने जैसी कठिन कला का भी प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित जनों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रीति वर्मा (अध्यक्ष), सुगंध जैन (प्रांतीय बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ), नीरज मित्तल (पूर्व अध्यक्ष) सहित राधेश्याम गुप्ता, रमा गुप्ता, अनुपम मित्तल, विमलेश गिरी, नीलम मधोक, प्रीति अग्रवाल, पीयूष गर्ग, अंजलि गर्ग, नीलम शर्मा, ममता गुप्ता, दीपाली सिंधल आदि गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के अंत में प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या को सम्मानित किया गया तथा शिविर में भाग लेने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
शिविर का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा के गुणों का विकास करना रहा, ताकि वे भविष्य में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


