बहादराबाद(मनोज यादव)। बहादराबाद क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के अनुसार, 27 अप्रैल को प्रियांशु पुत्र राजबीर सिंह निवासी ग्राम राना नंगला, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर ने अपने पिता की हत्या की तहरीर दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया, जहां परिजनों ने पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। एक संदिग्ध मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस टीम ने कलियर रोड स्थित लकी हॉस्पिटल के पास एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया।
आरोपी पंकज कुमार ने बताया कि उसका मृतक की बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। युवती पहले से शादीशुदा थी और आरोपी उसे पति से तलाक दिलाकर शादी करना चाहता था, लेकिन मृतक इसके खिलाफ था। इसी कारण आरोपी ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
26 अप्रैल की शाम दोनों आरोपियों ने मृतक राजबीर को बहादराबाद क्षेत्र के बौंगला अंडरपास के पास पॉपुलर के खेत में ले जाकर शराब पिलाई और हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी पंकज को मौके से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी छोटेलाल को भी पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से स्प्लेंडर बाइक, हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, मृतक का मोबाइल, खून से सने कपड़े और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
