हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने अपराध गोष्ठी के दौरान जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में नशे का तस्कर या पैडलर गिरफ्तारी से बचना नहीं चाहिए। नशे की पूरी चैन को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) इसकी साप्ताहिक समीक्षा करेंगे।
एसएसपी ने एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की मौजूदगी में विभिन्न अपराधों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है, ऐसे में यात्रा मार्गों पर पुलिस गश्त, पेट्रोलिंग और यातायात टीमें लगातार सक्रिय रहें, ताकि दुर्घटना या जाम की स्थिति में आमजन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि वीकेंड के दौरान थाना एवं यातायात प्रभारी आपसी समन्वय स्थापित कर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें। साथ ही अन्य विभागों से भी आवश्यक समन्वय कर यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।

एसएसपी ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अच्छा कार्य हुआ है और भविष्य में भी पुलिस मुख्यालय एवं जनपद स्तर पर चलाए जाने वाले अभियानों में सभी अधिकारी-कर्मचारी शत-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने अपराधियों की कुंडली खंगालकर उनके खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने और बड़े सप्लायरों तक पहुंचने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी थाना प्रभारियों और हल्का प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे समय-समय पर क्षेत्र में निवासरत सीनियर सिटीजनों से संपर्क करें और उन्हें आवश्यक हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा समर सीजन में बढ़ते आगजनी के खतरे को देखते हुए फायर टीमों को तत्काल रिस्पॉन्स देने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। शिकायती प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण, साप्ताहिक समीक्षा तथा ऑनलाइन पोर्टल से प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।


