हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)।प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर ने कहा कि न्याय को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने के उद्देश्य से “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आपसी सुलह और समझौते के माध्यम से लंबित मामलों के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। वहीं, प्रेस क्लब के पत्रकारों की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह, गंगाजली एवं रुद्राक्ष माला भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन समारोह सचिव महताब आलम ने किया।
संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिमरनजीत कौर ने कहा कि न्यायालयों में बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं। प्रत्येक कोर्ट में लगभग 100 से 200 मामले ऐसे होते हैं, जिन्हें आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के जरिए आसानी से सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को कम खर्च, कम समय और सरल प्रक्रिया के माध्यम से न्याय उपलब्ध कराना है।
उन्होंने जानकारी दी कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह 2026” की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से की जा चुकी है, जिसकी परिणति 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत के रूप में होगी। इस दौरान सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत से पूर्व राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण स्तर पर पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों को समझौते के लिए प्रेरित करेंगे। पक्षकार इन बैठकों में शारीरिक रूप से उपस्थित होने के साथ-साथ वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ सकेंगे। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरकर संबंधित पक्ष अपने मामले को “समाधान समारोह 2026” में शामिल करा सकते हैं।
उन्होंने अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सुलह-समझौते से न केवल न्यायालयों का बोझ कम होगा, बल्कि लोगों को लंबे समय तक चलने वाले विवादों से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर बालकृष्ण शास्त्री, कुलभूषण शर्मा, डॉ. शिवा अग्रवाल, मनोज खन्ना, संदीप शर्मा, राहुल वर्मा, शैलेंद्र गोदियाल, निशा शर्मा, हिमांशु द्विवेदी, आदेश त्यागी, एडवोकेट रमन सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


