हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। नीट पेपर लीक प्रकरण और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर शुक्रवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देवपुरा चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी व जिला उपाध्यक्ष ग्रामीण गौरव चौहान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बर्खास्तगी की मांग उठाई।
इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर व सोम त्यागी ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले में लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है, जिसकी जिम्मेदारी तय करते हुए शिक्षा मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर पेट्रोलियम मंत्री पर भी निशाना साधा गया।

वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में शिक्षा माफिया सक्रिय हैं और पेपर लीक भ्रष्टाचार का बड़ा खेल बन चुका है, जिसमें अधिकारियों, कोचिंग सेंटरों और प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत होने के आरोप लगते रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रवीश भटीजा व विकास चंद्रा ने नीट पेपर लीक मामले में संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठन तथा सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर किसी केंद्रीय सरकारी एजेंसी से नीट परीक्षा कराई जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षा में शामिल छात्रों को केंद्र सरकार की ओर से 10-10 हजार रुपये आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी रखी गई।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस व कांग्रेस संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
