भगवानपुर/हरिद्वार(विश्वास चौधरी)। भगवानपुर ब्लॉक के भलसवागाज स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को जिला करियर सपोर्ट कार्यक्रम करियरशाला के तहत “आफ्टर स्कूल करियर संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बारहवीं के बाद उपलब्ध कोर्स, कॉलेज एवं संस्थान चयन, करियर विकल्पों तथा स्कॉलरशिप योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के आधार पर सही करियर निर्णय लेने की प्रक्रिया समझाई गई। करियर संवाद विशेष रूप से कक्षा 12 पूरी कर चुके विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, ताकि वे अपने भविष्य को लेकर आत्मविश्वास के साथ निर्णय ले सकें।
इस दौरान विद्यार्थियों ने करियर कार्ड्स के माध्यम से फैशन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, पैरामेडिकल, आईटी सहित 10 विभिन्न सेक्टर्स से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। साथ ही स्थानीय कॉलेजों, कोर्स, फीस, पात्रता और अवधि से संबंधित विस्तृत जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों ने “बारहवीं के बाद क्या करें?”, “डिग्री या डिप्लोमा में क्या बेहतर है?”, “कौन सा कॉलेज चुनें?” और “स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कैसे करें?” जैसे सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
करियरशाला, शिक्षा विभाग हरिद्वार एवं अलोहोमोरा एजुकेशन फाउंडेशन की संयुक्त पहल है, जो विद्यार्थियों को करियर विकल्पों और उच्च शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम का संचालन करियरशाला हरिद्वार टीम के प्रोग्राम मैनेजर ज़ीशान ग़ज़ाली और सिमरन सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेन्द्र सिंह पुंडीर, शिक्षक विश्वास चौधरी, दुर्वेश त्यागी, पंकज सैनी एवं मोहिनी पुंडीर उपस्थित रहे। शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




