हरिद्वार(नीति शर्मा)। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महाकाली वाहिनी ने हिंदू महिलाओं की सुरक्षा, परिवार संरक्षण और सांस्कृतिक जागरूकता को लेकर अपने विचार रखे। संगठन की राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. उदिता त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं और बेटियों के समक्ष अनेक सामाजिक चुनौतियां हैं, जिनका सामना जागरूकता, आत्मबल और संगठित प्रयासों से किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपनी सुरक्षा, संस्कृति और संतानों के संरक्षण के प्रति भी सजग रहना चाहिए। महाकाली वाहिनी का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और पारिवारिक सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं संगठित करना है।
प्रेस वार्ता के दौरान संगठन की ओर से तथाकथित “लव जिहाद” जैसे मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि महिलाओं और युवतियों को जागरूक करने तथा आत्मरक्षा एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देना आवश्यक है।
इस अवसर पर डॉ. श्वेता शर्मा ने कहा कि संगठन महिलाओं को मानसिक, सामाजिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेगा। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में डॉ. संध्या कौशिक, मधु त्यागी एवं रीना त्यागी भी उपस्थित रहीं। संगठन की ओर से जानकारी दी गई कि ऋषिकेश में बुधवार से महाकाली वाहिनी का दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिला सुरक्षा, परिवार व्यवस्था और सामाजिक विषयों पर चर्चा होगी।





