हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत हरिद्वार को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा प्रस्तावित ‘हरित हरिद्वार’ अभियान को सामाजिक संगठनों और आमजन का व्यापक समर्थन मिलने लगा है। अभियान के तहत मानसून सत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किए जाने की तैयारी की जा रही है, जिससे कुंभ क्षेत्र को हरा-भरा और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सके।
मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन में अभियान की तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में करीब चार दर्जन गैरसरकारी एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग करते हुए अभियान की सराहना की और इसे जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय पहल बताते हुए प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में आगामी मानसून के दौरान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की रूपरेखा पर चर्चा की गई। साथ ही इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा निभाई जाए, ताकि अभियान स्थायी रूप से सफल हो सके।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। पेड़ लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी, गैरसरकारी एवं धर्मार्थ संस्थाएं इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्थानीय आवश्यकताओं एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण किया जाएगा। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सुझाव भी साझा किए।



