लक्सर(श्रवण गिरी)। बढ़ती गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए राजकीय पशु चिकित्सालय लक्सर क्षेत्र में 1962 मोबाइल वैटेनरी यूनिट (MVU) द्वारा पशुपालकों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश के मैदानी एवं पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे तापमान का असर अब पशुओं के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। अत्यधिक गर्मी के कारण पशुओं में पानी की कमी, भूख कम लगना, कमजोरी, दूध उत्पादन में गिरावट तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए 1962 मोबाइल वैटेनरी यूनिट द्वारा लक्सर क्षेत्र में पशुपालकों को हीटवेव से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। पशुपालकों से अपील की जा रही है कि वे अपने पशुओं को तेज धूप से बचाकर छायादार स्थानों पर रखें, पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराएं तथा हरे चारे एवं संतुलित आहार की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही पशुओं को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न ले जाने, पशुशालाओं में उचित वेंटिलेशन बनाए रखने तथा बीमार एवं कमजोर पशुओं पर विशेष ध्यान देने की सलाह भी दी जा रही है। यदि किसी पशु में अत्यधिक सांस फूलना, सुस्ती, शरीर का तापमान बढ़ना या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तत्काल पशु चिकित्सक अथवा 1962 टोल फ्री सेवा से संपर्क करने की अपील की गई है।
लक्सर के वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि 1962 एमवीयू सेवा का उद्देश्य केवल आपातकालीन सेवाएं प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समय-समय पर पशुपालकों को जागरूक कर पशुधन को सुरक्षित रखना भी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आगे भी विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान जारी रहेगा।
इस दौरान वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, डॉ. अनुराग चौधरी, जयवीर सिंह तथा चालक मोहित मौजूद रहे।




