भगवानपुर(विश्वास चौधरी)। ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने बुधवार को चुड़ियाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। निगम अधिकारियों ने बिजली चोरी में इस्तेमाल की जा रही केबल जब्त कर आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही संबंधित लोगों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए कुंजा बहादुरपुर गांव में 7, महेश्वरी गांव में 5 तथा तेज्जुपुर गांव में 5 स्थानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान ग्रामीणों द्वारा बिजली लाइन से सीधे केबल डालकर अवैध रूप से बिजली चोरी करते हुए पाया गया।
पुहाना उपखंड अधिकारी संजीव राणा ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुल 17 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई। मौके से अवैध केबल जब्त कर ली गई हैं तथा सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी की रोकथाम और अवैध कनेक्शनों पर अंकुश लगाने के लिए विजिलेंस टीम का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में देहरादून विजिलेंस टीम के साथ चुड़ियाला बिजलीघर के जेई वसीम अहमद एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।




