हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। धर्मनगरी हरिद्वार में शराब के नशे में हुड़दंग करने वाले युवकों को लेकर सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक जानकारी पर सवाल खड़े हो गए हैं। 26 मई की रात अपर रोड क्षेत्र में नशे की हालत में हंगामा कर रहे युवकों को कुछ लोगों द्वारा हरियाणा निवासी बताया गया था, जबकि पुलिस जांच में सभी युवक उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के निवासी निकले।
जानकारी के अनुसार, हरकी पैड़ी क्षेत्र में नशे की हालत में घूम रहे कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्हें हरियाणा निवासी बताया गया। हालांकि, पुलिस द्वारा की गई जांच में स्पष्ट हुआ कि पकड़े गए सभी युवक उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवासी हैं।
नगर कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हुड़दंग करने के आरोप में चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई की। नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि धार्मिक नगरी हरिद्वार की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर नशे में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए आरोपी:
राजीव पुत्र चंदन, निवासी ग्राम साकरोद, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत (उ.प्र.)
विपिन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी नूरपुर खालसा, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत (उ.प्र.)
कपिल शर्मा पुत्र महिपाल, निवासी ग्राम साकरोद, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत (उ.प्र.)
विकास पुत्र राजेंद्र, निवासी नूरपुर खालसा, थाना खेकड़ा, जनपद बागपत (उ.प्र.)
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें, ताकि किसी राज्य या समुदाय विशेष की गलत छवि प्रस्तुत न हो।






