हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। आगामी 8 जून से प्रारंभ होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर 26 भेल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के समस्त 206 बूथों के BLA-2 कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम इंटक कार्यालय, सेक्टर-3 भेल हरिद्वार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ज्वालापुर ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत सैनी, शिवालिक नगर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राणा एवं बहादराबाद ब्लॉक अध्यक्ष राकेश चौहान के संयोजन में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, हरिद्वार ग्रामीण जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, रानीपुर विधानसभा के BLA-1 बी.एस. तेजियन, विधानसभा प्रभारी रवीश भाटिजा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजबीर सिंह चौहान तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश प्रधान उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण सत्र में ट्रेनर अंकित चौहान ने सभी BLA-2 कार्यकर्ताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना तथा अपात्र या फर्जी वोटों को सूची में शामिल होने से रोकना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने फॉर्म-3, फॉर्म-4, फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के उपयोग और विभिन्न परिस्थितियों में इनके भरने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं पारदर्शी होना आवश्यक है। सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी BLA-2 कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के फर्जी नाम शामिल नहीं होने दिए जाएंगे तथा अपने-अपने बूथों पर पूरी टीम के साथ सक्रिय रहकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जाएगा।


