हरिद्वार(नीति शर्मा)। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के गुरुकुल परिसर की मेधावी पूर्व छात्रा डॉ. ऐश्वर्या भट्ट के उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा सीधे पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित होने पर परिसर में हर्ष और गौरव का माहौल है। इस उपलब्धि पर गुरुकुल परिसर में सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में गुरुकुल परिसर के निदेशक प्रो. गिर्राज प्रसाद गर्ग ने डॉ. ऐश्वर्या भट्ट का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उनकी उपलब्धि को विश्वविद्यालय, आयुर्वेद चिकित्सा जगत एवं प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है तथा डॉ. भट्ट की सफलता इसका उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर डॉ. दीपशिखा, डॉ. विपिन पांडे तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राहुल तिवारी ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उनके बैचमेट एवं जूनियर छात्र-छात्राओं डॉ. नैंसी सिंह, डॉ. जतिन तिवारी और डॉ. अंजलि सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर खुशी व्यक्त की।
डॉ. ऐश्वर्या भट्ट ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और गुरुकुल परिसर से मिले मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह का वातावरण है तथा छात्र-छात्राओं को नई प्रेरणा मिली है।




