धनौरी(श्रवण गिरी)। गर्मियों के सीजन में नदियों और नहरों में नहाने के दौरान होने वाले हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। धनौरी क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ गंगनहर में नहाने उतरा 21 वर्षीय एक युवक तेज बहाव में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही धनौरी पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता युवक की तलाश में लगातार सर्चिंग अभियान चला रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटा मुरादनगर निवासी 21 वर्षीय बंसी पुत्र सतीश, अपने चाचा के लड़कों मोहित पुत्र शिवदास और विक्की पुत्र विनोद के साथ धनौरी क्षेत्र में गंगनहर पर नहाने आया था। तीनों भाई नहर के किनारे मौजूद थे, इसी दौरान बंसी ने नहर में नहाने के लिए छलांग लगा दी। तैरना न आने के कारण गहरे पानी में समाया
प्रत्यक्षदर्शियों और साथ आए भाइयों के मुताबिक, बंसी को ठीक से तैरना नहीं आता था। जैसे ही उसने नहर के गहरे पानी में छलांग लगाई, वह पानी के तेज बहाव को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते नहर के गहरे पानी में डूब गया। बंसी को डूबता देख साथ आए भाइयों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जल पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए धनौरी पुलिस तत्काल पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए जल पुलिस (गोताखोरों) की टीम को मौके पर बुलाया। समाचार लिखे जाने तक धनौरी पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गंगनहर के संभावित क्षेत्रों में युवक की तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्चिंग और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गंगनहर में लगातार बढ़ रहे हादसों और आज हुई दुखद घटना को देखते हुए धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान ने स्थानीय निवासियों, युवाओं और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों से बेहद महत्वपूर्ण अपील की है कि गहरे पानी में न लगाएं छलांग: गंगनहर का जलस्तर और बहाव दिखने में जितना शांत लगता है, अंदर से उतना ही तेज और खतरनाक होता है। तैरना जानने वाले भी इसके चक्रव्यूह में फंस जाते हैं, इसलिए नहर में छलांग लगाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
उन्होंने बताया कि यदि आपको तैरना नहीं आता है, तो पानी के नजदीक जाना भी जानलेवा साबित हो सकता है। घाटों के किनारों पर ही रहें।
बच्चों और युवाओं पर रखें नजर: माता-पिता और अभिभावकों से विशेष अपील है कि वे अपने बच्चों और युवाओं को अकेले गंगनहर या अन्य नदियों की तरफ न जाने दें।
गर्मी से राहत पाने का यह शौक जानलेवा साबित हो सकता है।
हुड़दंग और रील्स बनाने से बचें: अक्सर देखा गया है कि युवा गंगनहर के पुलों या किनारों पर स्टंट करते हैं और सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाते हैं। पुलिस ऐसे हुड़दंगियों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
अगर नहाना बेहद जरूरी हो, तो केवल उन्हीं घाटों का उपयोग करें जहाँ सुरक्षा जंजीरें या बैरिकेडिंग लगी हो।
“जान है तो जहान है”
पुलिस प्रशासन आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तैनात है, लेकिन आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या 112 पर सूचना दें। इस दौरान चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान, जल पुलिस से राधे श्याम, विक्रम चौहान आदि मौजूद रहे।
धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान की जनता से अपील: “शौक न बन जाए मातम, गंगनहर के तेज बहाव से दूर रहें”

