हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जनपद हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी को इलाज के बहाने जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतार दिया था। वैज्ञानिक जांच और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाई।
कोतवाली बहादराबाद में 4 फरवरी 2026 को मोहम्मद अनीश निवासी मरगूबपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के नाम पर पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा मृतका का बिसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा। एफएसएल रिपोर्ट में मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी अफजाल गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। शुक्रवार को सूचना मिली कि वह क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में है। इस पर कार्रवाई करते हुए बहादराबाद पुलिस ने 27 जून 2026 को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी अफजाल पुत्र मुस्लिम निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, बहादराबाद (उम्र 38 वर्ष) को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक करम सिंह, कांस्टेबल अरुण चमोली एवं कांस्टेबल विकास थापा शामिल रहे।



