लकड़ी के कारोबार में छह लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, दो साल से चल रहा था फरार
पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। ऑपरेशन प्रहार के तहत पिरान कलियर पुलिस ने छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के वाराणसी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब दो वर्षों से पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2024 को पिरान कलियर निवासी अफजाल पुत्र शरीफ ने लकड़ी की खरीद-बिक्री के नाम पर छह लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा संख्या 410/2024 दर्ज किया गया था। मामले में अमरजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय विजेंद्र सिंह निवासी जीयनचक, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर, उत्तर प्रदेश वांछित चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन वह लगातार फरार रहा। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। ऑपरेशन प्रहार के तहत गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी को वाराणसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में वृक्ष संरक्षण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल और होमगार्ड अंकित शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।



