हरिद्वार(मनोज यादव)। बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के संभावित आरोपी ने स्वयं को पुलिस के समक्ष पेश करते हुए कोतवाली बहादराबाद में सरेंडर कर दिया। आरोपी अपने साथ वारदात में प्रयुक्त तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन भी लेकर पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, 18 मई को विजय भाई पुत्र स्वर्गीय कर्ण सिंह निवासी टिकोलकला, मंगलौर ने थाना बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि 12 मई 2026 को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पीछा करते हुए उनकी गाड़ी पर फायरिंग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच में फायरिंग की पुष्टि हुई। मामले में लगातार दबिश और जांच के बीच शनिवार देर रात नया मोड़ तब आया, जब मंजीत पुत्र ओंकार सिंह निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी, शांतरशाह थाना बहादराबाद स्वयं कोतवाली पहुंच गया। आरोपी अपने साथ वह तमंचा भी लेकर आया, जिससे कथित तौर पर वादी की गाड़ी पर गोली चलाई गई थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 25(1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में आरोपी अकेला शामिल था या उसके साथ अन्य लोग भी थे। पुलिस ने आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है।






