बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। बहादराबाद स्थित एसबीआई एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति को मदद का झांसा देकर दो युवकों ने कथित तौर पर एटीएम कार्ड बदल दिया और उसके खाते से हजारों रुपये निकालकर खाता खाली कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
अलीपुर निवासी भारत भूषण ने बहादराबाद थाने में दी शिकायत में बताया कि वह एक अक्तूबर की सुबह करीब 9:30 बजे एसबीआई के एटीएम पर रुपये निकालने पहुंचे थे। कई प्रयासों के बावजूद मशीन से नकदी नहीं निकली। इसी दौरान उनके पीछे खड़े दो युवक मदद करने के बहाने उनके पास आए।
आरोप है कि युवकों ने बातचीत के दौरान बड़ी सफाई से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और दूसरा कार्ड उन्हें थमा दिया। कुछ समय बाद जब उन्हें कार्ड बदले जाने का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल बैंक को सूचना दी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने दूसरे एटीएम से उनके खाते से 27,500 रुपये निकाल लिए। इसके बाद खाते में बची रकम भी निकाल ली गई, जिससे खाता पूरी तरह खाली हो गया।
पीड़ित का कहना है कि बैंक की ओर से एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराई गई है, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। उन्होंने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
🔔 जनहित में जागरूकता संदेश 🔔
आजकल एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। एटीएम से पैसे निकालते समय किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपना एटीएम कार्ड, पिन तथा बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
यदि एटीएम में कोई समस्या आती है, तो सीधे बैंक शाखा या बैंक के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। लेन-देन के दौरान अपने आसपास मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और कार्ड हमेशा अपने पास रखें।
किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तुरंत बैंक को सूचना दें तथा नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
— उत्तराखंड परिकल्पना समाचार पत्र एवं न्यूज़ पोर्टल





