हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। उत्तराखंड विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान दिनेश कुमार (32) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम जय भगवानपुर, थाना छप्पार, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपित हरिद्वार के ज्वालापुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 671/2023 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत भी कार्रवाई की गई थी। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित की लोकेशन मुजफ्फरनगर के छप्पार थाना क्षेत्र में चिन्हित की। इसके बाद एसटीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दिनेश कुमार के खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी समेत अन्य आपराधिक धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ ने कहा कि प्रदेशभर में वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
