हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)।हरिद्वार में सनातन संस्कृति को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद माहौल गरमा गया है। बजरंग वाहिनी दल ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक माफी की मांग की है और चेतावनी दी है कि समय रहते जवाब नहीं मिलने पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आशु मलिक ने भीम आर्मी से जुड़े महक सिंह पर सनातन संस्कृति के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के साथ धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन इस प्रकार की टिप्पणी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा। यदि जल्द माफी नहीं मांगी गई तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी तनुजा रावत ने कहा कि सनातन संस्कृति देश की पहचान और मूल आत्मा है। इसके खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग निंदनीय है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
संगठन ने मांग रखी है कि संबंधित व्यक्ति तुरंत बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफी मांगे और भविष्य में इस तरह की बयानबाजी से बचे।
साथ ही संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी न होने पर लोकतांत्रिक और कानूनी दायरे में रहकर आंदोलन किया जाएगा।
अंत में संगठन ने सभी समुदायों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भड़काऊ बयानबाजी से बचना ही समाजहित में है।


