हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी और हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना पथरी क्षेत्र के दुर्गागढ़ जंगल में सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट कर रहे युवकों के खिलाफ पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर दो बाइकर्स को मौके से पकड़ लिया, जबकि कई युवक अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को सूचना मिली थी कि दुर्गागढ़ जंगल क्षेत्र में कुछ युवक मोटरसाइकिलों से खतरनाक स्टंट कर रहे हैं और राहगीरों की सुरक्षा को खतरे में डालते हुए सड़क पर हुड़दंग मचा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पथरी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर वहां मौजूद कई युवक घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो बाइकर्स को मौके से पकड़ लिया और उनकी मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया। वहीं घटनास्थल पर खड़ी छह अन्य मोटरसाइकिलों को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और लावारिस में दाखिल कर दिया। अब पुलिस संबंधित वाहन स्वामियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस द्वारा सीज की गई मोटरसाइकिलें
यूके08डब्ल्यू-9483
यूके07बीएस-1653
लावारिस में दाखिल मोटरसाइकिलें
यूके08बीबी-2009 (स्प्लेंडर प्लस, काला रंग)
यूए08जे-6775 (स्प्लेंडर प्लस, काला रंग)
यूके08एएफ-2821 (स्प्लेंडर प्लस, काला रंग)
यूके08बीई-1954 (स्प्लेंडर प्लस, काला रंग)
यूके08बीडी-0580 (स्प्लेंडर प्लस, काला रंग)
यूके01टी-0510 (स्प्लेंडर प्लस, काला रंग)
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क को स्टंट का मैदान न बनाने की अपील की है।
इस कार्रवाई के बाद दुर्गागढ़ जंगल क्षेत्र में स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सड़क पर रेस लगाने, स्टंट करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



