रुड़की(नीति शर्मा)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज, रुड़की में शनिवार, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई। 84 यूके बटालियन रुड़की एनसीसी के कमान अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व एनसीसी कार्य प्रभारी डॉ. कोमल ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह, प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव एवं एनसीसी कैडेट्स ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने लौह पुरुष के सम्मान में अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और प्रेरणादायी नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता देश की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए समर्पित भाव से कार्य करे और समाज में एकता तथा सद्भावना का संदेश प्रसारित करे।

प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं कुशल नेतृत्व के बल पर देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन युवाओं को राष्ट्रप्रेम, साहस, अनुशासन एवं एकता की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने “देश की सेवा ही सच्चा धर्म है” और “एक भारत, एक लक्ष्य” जैसे प्रेरणादायी नारे लगाए। इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स एवं उपस्थित छात्राओं को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्रवक्तागण एवं एनसीसी प्रशिक्षक श्री संजय तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने तथा कैडेट्स को उचित मार्गदर्शन प्रदान करने में एनसीसी ट्रेनिंग अधीक्षक श्री रवि कपूर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता के संकल्प के साथ हुआ।



