बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमी” अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु के वेश में घूम रहे चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना बहादराबाद क्षेत्र में ये सभी व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते पाए गए। गश्त के दौरान उनके हाव-भाव और गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों को पकड़ लिया।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई, साथ ही उनका ऑनलाइन रिकॉर्ड भी तैयार किया जा रहा है। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172 के तहत कार्रवाई की है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान अनिल पुत्र रामलाल (47 वर्ष) निवासी रोडीबेलवाला, अफजल पुत्र नसीर अहमद (49 वर्ष) निवासी नीलखुदाना ज्वालापुर, मिश्री लाल पुत्र रामदास (52 वर्ष) निवासी हरकी पैड़ी और अजीत कुमार पुत्र जमदीन (48 वर्ष) निवासी शनिमंदिर बहादराबाद के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जो धार्मिक वेशभूषा का दुरुपयोग कर आम जनता को गुमराह या ठगी करने की कोशिश करते हैं। अभियान आगे भी जारी रहेगा।


