नरेंद्रनगर/टिहरी गढ़वाल(ब्यूरों)। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरेंद्रनगर में प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षुओं तथा अधिकारी-कर्मचारियों के लिए “साइबर क्राइम एवं साइबर सुरक्षा” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
व्याख्यान में अपर पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना अंकुश मिश्रा ने साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल साक्ष्य तथा साइबर अपराधों के प्रभावी अनुसंधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जांच के आधुनिक तरीकों से भी अवगत कराया।

इस दौरान प्रशिक्षुओं को वर्तमान डिजिटल युग में पुलिस की भूमिका, साइबर जागरूकता बढ़ाने तथा आधुनिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता विकसित करने संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि साइबर अपराधों के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस कर्मियों का तकनीकी रूप से दक्ष होना समय की आवश्यकता है।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप पुलिस कार्मिकों को आधुनिक तकनीक एवं नवीनतम साइबर सुरक्षा उपायों से प्रशिक्षित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिस बल को अधिक सक्षम और प्रभावी बनाया जा सके।



