हरिद्वार(अमित शर्मा)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय का संयुक्त निरीक्षण कर परिसर एवं आसपास की व्यवस्था को सुव्यवस्थित कराया गया। निरीक्षण के दौरान अनधिकृत रूप से संचालित ढाबों और कुर्सी-मेज लगाकर बैठे व्यक्तियों को हटाया गया तथा कार्यालय के बाहर अनावश्यक रूप से एकत्र लोगों को भी वहां से हटाया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं पंजिकाओं के रखरखाव, लंबित प्रकरणों, ई-ऑफिस व्यवस्था, साफ-सफाई और आमजन को उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को अभिलेख अद्यतन रखने तथा जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई कि बिना वैध कार्य के कार्यालय परिसर अथवा उसके आसपास अनावश्यक रूप से न बैठें और किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि में शामिल न हों। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए आमजन से अपील की कि वे परिवहन विभाग से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं कराएं तथा किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या बिचौलिए के संपर्क में न आएं।



