हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। कनखल क्षेत्र के संदेश नगर में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और छह लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता तब चला जब मकान स्वामिनी देहरादून से वापस लौटीं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदेश नगर निवासी इंद्रेश शर्मा पत्नी लक्ष्मण प्रसाद शर्मा ने कनखल कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि उनके पति लक्ष्मण प्रसाद शर्मा का उपचार देहरादून के कैलाश अस्पताल में चल रहा है। पति और बेटे के देहरादून में होने के कारण वह 24 अगस्त को अपने घर में ताला लगाकर उनके पास चली गई थीं।
30 अगस्त को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी का ताला टूटा हुआ है। जांच करने पर चार सोने की चूड़ियां, पांच अंगूठियां, एक सोने की मटर माला चेन, दो जोड़ी झुमकियां, चार नाक की लौंग, एक जोड़ी चांदी की पायल समेत छह लाख रुपये नकद गायब मिले।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। कनखल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
