हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। थाना सिडकुल पुलिस ने चाकू दिखाकर मोबाइल लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए बाइक सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 मई को अंगद प्रसाद साहू पुत्र बिहारी साहू निवासी ग्राम सकरिया, पोस्ट पेलवाह, थाना गौपारू जिला शहडोल मध्य प्रदेश, हाल निवासी नवोदय नगर चौक ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि आईएमसी चौक के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर चाकू दिखाते हुए उनका मोबाइल फोन लूट लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने पुलिस लाइन तिराहे के पास से हसन और आशु नामक दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक चाकू बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान हसन पुत्र पप्पू निवासी ग्राम जंगबहादुरगंज थाना पशिगामा जिला लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रावली महदूद तथा आशु पुत्र सियानंद निवासी रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर चालान कर दिया है।




