धनौरी/हरिद्वार(श्रवण गिरी)। बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी 21 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी अनुज पुत्र शिवराम इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से युवक को निजी वाहन के माध्यम से जिला अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। वहीं, युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महज 21 वर्ष की उम्र में अनुज की मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं। दौलतपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।
एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार के सपनों को उजाड़ दिया और पूरे गांव को गमगीन कर दिया।


